शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने वर्ष, 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव, उद्यमशीलता, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल हरियाणा के हिसार में अग्रोहा विकास ट्रस्ट द्वारा आयोजित 43वें वार्षिक अग्रोहा मेले एवं सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सेवा, समानता, सहयोग और सामाजिक सद्भाव पर आधारित उनके आदर्श पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से एक समृद्ध, सशक्त, आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से उन्नत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने पर भी बल दिया।
