चंडीगढ़: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि दवा विक्रेताओं का कार्य केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाजसेवा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। जब कोई दवा विक्रेता किसी जरूरतमंद को सही दवा उपलब्ध करवाता है, तो वह किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के साथ एक परिवार की खुशियां सुरक्षित रखने में भी योगदान देता है। इसलिए दवा विक्रेताओं को अपनी व्यावसायिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव रविवार को गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय औषधि सुरक्षा एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। ‘सुरक्षित दवाएं, नशामुक्त समाज’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन गुरुग्राम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन तथा हरियाणा ड्रग डीलर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं हरियाणा सरकार देश और प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं, लेकिन नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने के साथ पूरे परिवार को तोड़ देती है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भागीदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशे के दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक जागरूकता फैलाने के साथ-साथ मेडिकल दवाओं के गलत इस्तेमाल और अवैध बिक्री की रोकथाम भी जरूरी है। नकली दवाओं के कारोबार तथा दवा क्षेत्र में भ्रष्ट गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दवा विक्रेताओं से दवाओं के वितरण में निर्धारित नियमों का पालन करने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
