हापुड़ः जिले की स्वैट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने अपहरण कांड में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किय है। वहीं इस मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए 21 वर्षीय फाजिल को सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड सलमान और मसूद सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से फिरौती के 7.50 लाख रुपये, अवैध तमंचे और घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार बरामद की है। पकड़े गए बदमाशाें का नाम पता मसूद अहमद निवासी बुलंदशहर, मोहम्मद सलमान निवासी अलीगढ़, आकाश निवासी कन्नौज, राहुल त्यागी एवं उसकी पत्नी शिखा त्यागी उर्फ जूली निवासी गाजियाबाद तथा नीरज कुमार निवासी बिजनौर बताया है।
दरअसल, देवबंद मदरसे में पढ़ने वाले फाजिल का 6 बदमाशों ने 17 अप्रैल को हाईवे से अपहरण कर लिया था। बदमाशों ने बदले में 12.25 लाख रुपये वसूल भी लिए थे। मामले की जानकारी देते हुए गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि गजरौला के रहने वाले फाजिल हयात उम्र करीब 24 वर्ष देवबंद में आमिल की पढ़ाई कर रहे हैं। 17 अप्रैल को वह देवबंद से अपने घर गजरौला के लिए आ रहे थे। देर रात्रि तक भी जब फाजिल हयात अपने घर नहीं पहुंचे तो स्वजन को चिंता हुई। इसके बाद उनका मोबाइल भी बंद आने लगा। परेशान स्वजन ने इस बात की जानकारी गजरौला पुलिस को दी।
वहां से छात्र की लोकेशन ट्रेस की गई तो वह अंतिम बार गढ़मुक्तेश्वर के अल्लाबक्ख्शपुर के पास की आई। इसके बाद गजरौला पुलिस ने पीड़ित को गढ़मुक्तेश्वर भेज दिया। स्वजन द्वारा गढ़मुक्तेश्वर पुलिस को सूचना दी गई। अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्विलांस का उपयोग कर छात्र काे तलाशने का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस को इनपुट मिला कि बदमाशों द्वारा छात्र के स्वजन से 25 लाख रुपये की रकम मांगी गई है। यह रकम अलीगढ़ में दी जानी है। स्वजन ने पुलिस को बिना बताए 12 लाख रुपये की रकम बदमाशों को दे भी दी।
इस दौरान पुलिस लगातार बदमाशों की ट्रेसिंग करती रही। बुधवार की रात्रि बदमाश जैसे ही शेष रकम लेने एवं छात्र को छोड़ने के लिए गढ़मुक्तेश्वर के स्याना रोड स्थित वेदांत कालेज के सामने पहुंचे तो पुलिस ने कार में सवार बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने इनके पास से अपह्त छात्र फाजिल को सकुशल बरामद करते हुए साढ़े सात लाख रुपये नगद, दो तमंचे, दो कारतूस, दो चाकू आदि बरामद कर लिए है। पुलिस ने सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
