मोगाः मोगा-लुधियाना हाईवे पर बाइक और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दपंति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार, लुधियाना के गांव गुज्जरवाल निवासी भवजीत सिंह (पुत्र जगदेव सिंह) अपनी पत्नी परमजीत कौर और बेटे हरजीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने ससुराल गांव चंद पुराना जा रहे थे।
जब वे कस्बा अजीतवाल के पास पहुंचे, तो सामने से गलत दिशा से एक ट्रक आ रहा था। ट्रक की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिसके कारण भवजीत सिंह को भ्रम हुआ कि सामने से कोई मोटरसाइकिल आ रही है। इसी गलतफहमी में मोटरसाइकिल और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि भवजीत सिंह और उनकी पत्नी परमजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। उनके 5 वर्षीय बेटे हरजीत की टांग टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना अजीतवाल के एएसआई सुरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
