उरईः संवाददाता सदर कोतवाली के कंट्रोलरूम में मुंशी और महिला पुलिसकर्मी के रोमांस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसका संज्ञान लेकर पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराई। जांच में मामला सही पाए जाने पर मुंशी अरविंद को सस्पेंड कर दिया गया, जबकि महिला सिपाही की भूमिका की जांच की जा रही है। एनकाउंटर न्यूज ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बता दें कि वायरल वीडियो करीब छह दिन पुराना बताया जा रहा है। इसमें दिख रहा है कि उरई कोतवाली के कंट्रोल रूम में ड्यूटी के दौरान मुंशी अरविंद कुर्सी पर बैठा है। तभी जींस और टीशर्ट पहने एक महिला पुलिसकर्मी पीछे से आकर सिपाही के गले में हाथ डालकर बात करने लगती है। इसके बाद सिपाही खड़ा होकर रजिस्टर व्यवस्थित करने लगा। यह पूरा घटनाक्रम कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
किसी कर्मचारी ने इस सीसीटीवी फुटेज को वायरल कर दिया। वीडियो प्रसारित होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी विनय कुमार सिंह ने सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद से जांच कराई। जांच रिपोर्ट में वीडियो सही पाया गया। एसपी के निर्देश पर मुंशी अरविंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला पुलिसकर्मी की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
