ऊना/ सुशील पंडित : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने ऊना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू को निशाने पर लिया । उन्होंने अपने निशाने के लिए कांग्रेस के ही पूर्व उपाध्यक्ष और दो बार के विधायक नीरज भारती द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू पर लगाए गए आरोपों का हवाला भी दिया । उन्होंने कहा कि वो नीरज को निजी रूप से भी जानते हैं और अपने अनुभव के आधार पर वो नीरज के एक सच्चे व्यक्तित्व वाले इंसान होने का भी दावा करते हैं । राणा की माने तो नीरज ने जो भी मुख्यमंत्री सुक्खू के बारे में कहा है वो अटल सत्य है । अटैची लेने और देने वाली बात के भी उन्होंने सच होने का दावा किया । आपको बता दें कि पूर्व विधायक रह चुके राजेंद्र ने बतौर आजाद उम्मीदवार सुजानपुर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को भी पराजित कर चुके हैं । जिसके बाद वो कांग्रेस में शामिल हो गए थे और कांग्रेस की टिकट पर भी जीत चुके हैं ।
वो दो वर्ष पूर्व छः विधायकों के उस दल में शामिल हैं जिन्होंने राज्यसभा चुनाव के दौरान पाला बदल कर भाजपा का दामन थामा था । पुनः भाजपाई हुए राजेंद्र राणा कहते हैं कि अटैची लेने देने वाली बात मुख्यमंत्री सुक्खू की टीम ने ही नीरज भारती को बताई थी । उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता जनता का विकास या सेवा नहीं बल्कि उनकी प्राथमिकता अटैची है , जिसका दिल्ली हाईकमान को भी पता है । उन्होंने सुक्खू सरकार के लिए जनता के मन में प्रश्न चिन्ह लग जाने का भी दावा किया । ऑपरेशन लोटस या टाइगर जैसा कोई ऑपरेशन हिमाचल में होने की सम्भावना पर पूछे गए एक प्रश्न पर राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने ही बोझ तले दब जाने वाली है , भाजपा को कांग्रेस में छेड़छाड़ किए जाने की आवश्यकता नहीं है और कांग्रेस के अपने ही लोग इसके कारनामों की कलई आए दिन खोल रहे हैं ।
