अमृतसरः हरिद्वार के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीश्री 1008 जगत गुरु स्वामी अश्नील महाराज जी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दुर्गियाना मंदिर के अंदर लगातार रील्स बनाई जा रही हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया जा रहा है। साथ ही बैकग्राउंड में हिंदी गाने बजाए जा रहे है, जिससे हमारी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। आपको बता दें वीडियो में जो कपल दिखाई दे रहा है वह जालंधर के स्थानीय निवासी है।
जगत गुरु स्वामी अश्नील महाराज जी ने कहा कि इस समय सावन का पवित्र महीना चल रहा है और ऐसे समय में धार्मिक स्थलों पर मर्यादा का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति धार्मिक स्थल के अंदर नाचते वीडियो बनाता है और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करता है, तो ये धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है।
उन्होंने दुर्गियाना मंदिर समिति और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि जब ये घटना हो रही थी, तो वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और प्रशासकों ने इसे तुरंत क्यों नहीं रोका। दुर्गियाना मंदिर समिति बंटी हुई है और दुर्गियाना मंदिर पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने दुर्गियाना मंदिर समिति को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया कि मंदिर परिसर के अंदर ऐसी रील्स न बनने दी जाएं। अन्यथा, वह खुद कोई बड़ा कदम उठाएंगे। उन्होंने भक्तों से भी अपील की कि दुर्गियाना मंदिर आस्था का केंद्र है और लोगों को यहां आकर रील्स बनाने से बचना चाहिए, वरना वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।