मोगाः दुन्नेके गांव में सांप के डसने से 28 साल के युवक की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत करते शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिवार को सौंप दिया है।
थाना सिटी मोगा के सहायक थानेदार नरेंद्रजीत सिंह ने बताया कि गुरदास सिंह घर से दुकान पर कुछ सामान लेने निकला था। रास्ते में घास के बीच छिपे सांप ने उसकी टांग पर काट लिया। उस समय गुरदास को सांप के काटने का पता नहीं चला और वह घर लौट आया।
घर आने के बाद गुरदास ने परिवार को बताया कि उसकी टांग में तेज दर्द हो रहा है। परिजनों ने जब टांग देखी तो सांप के डसने के निशान मिले। जिसके बाद वे उसे गांव बुध सिंह वाला में एक व्यक्ति के पास ले गए, जो सांप के डसने का इलाज करता है।
परिवार के मुताबिक, वहां इलाज के बाद उस व्यक्ति ने गुरदास की हालत ठीक होने की बात कही थी। हालांकि, वहां से लौटते समय रास्ते में उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उसे तुरंत मोगा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी नवदीप कौर की शिकायत पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की है। सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया है।