होशियारपुरः जिले में भांगी चो के पास स्थित बक्कर घाट से एक युवती का शव बरामद हुआ है। मृतिका की पहचान अंजलि निवासी मोहल्ला बहादुर के रूप में हुई है। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और उसे सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ बलजिंदर मल्ली ने बताया कि उन्हें बक्कर घाट के पास युवती के शव मिलने की सूचना मिली थी। जिसके बाद घटना स्थल पर पहुंचकर उनकी टीम द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है।
थाना प्रभारी ने कहा कि लोगों से पूछताछ में पता चला है कि अंजलि मानसिक परेशानी से जूझ रही थी और वह बाजार में अक्सर घूमती रहती थी। घटना को लेकर मृतिका अंजली के परिवार को सूचित कर दिया गया है। ऐसे में परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंजलि की मौत के असल कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल पाएगा।

