इंग्लैंड से लौटा, पत्नी पहले छोड़कर जा चुकी
अमृतसरः जुझार सिंह एवेन्यू में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर से गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दी। इस दिल दहला देने वाली घटना में हरप्रीत सिंह नाम के एक व्यक्ति ने पहले घर में मौजूद दो पालतू कुत्तों को गोली मारी, फिर अपनी बुजुर्ग मां की गोली मारकर हत्या कर दी और अंत में खुद को भी गोली मारकर अपनी जान दे दी। मां, बेटा और दोनों जानवर सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक हरप्रीत सिंह करीब 7 साल पहले इंग्लैंड से भारत लौटा था। बताया जा रहा है कि उसे नशे की लत थी, जिसके कारण घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे। उसकी इस आदत से तंग आकर उसकी पत्नी उसे पहले ही छोड़कर जा चुकी थी। आज खौफनाक कदम उठाते हरप्रीत सिंह ने अपने पूरे परिवार की जान ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है, शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस दुखद और भयानक घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

