अमृतसरः खंडवाला इलाके के विकास नगर में एक प्लॉट के रास्ते और गेट को लेकर विवाद गहरा गया है, दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। दरअसल, एक परिवार ने अपने घर की पिछली साइड पर घर का छोटा दरवाज़ा बना दिया, जबकि दूसरी तरफ कुछ लोगों ने उसी गली के सामने दीवार खड़ी कर दी। घरवालों ने कुछ नौजवानों को बुलाकर दीवार तोड़वाई और विवाद भड़क उठा। इस मामले में कॉलोनी के निवासियों और राहुल कुमार की तरफ से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, और मामला अब कानूनी लड़ाई की ओर बढ़ता दिख रहा है।
पीड़ित पक्ष ने पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाए कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गली में जबरदस्ती दीवार तोड़कर गेट निकाल लिया और इस बारे में कोई कानूनी दस्तावेज भी पेश नहीं किए गए। निवासियों का कहना है कि यह गली प्राइवेट है और पिछले 10-12 सालों से यहां किसी भी घर का दरवाज़ा नहीं खुल रहा था। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए राहुल कुमार ने सभी आरोप नाकार दिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने मकान की पिछली तरफ से एक छोटा पैदल गेट निकाला था, जो कॉलोनी के मकानों वालों की लिखित अनुमति से बनाया गया था।
उनका दावा है कि गेट निकलने के डेढ़ से दो महीने बाद कुछ लोगों ने गेट के सामने दीवार बनाकर रास्ता बंद करने की कोशिश की, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को की थी। राहुल ने कहा कि उन पर लग रहे राजनीतिक दबाव और तानाशाही के आरोप बेबुनियाद हैं। उनका कहना है कि अगर किसी को उनके गेट पर आपत्ति है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटा सकता है और वे माननीय अदालत के हर आदेश का पालन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे अकेले हैं जबकि 20 से 25 परिवार उनका विरोध कर रहे हैं। दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायतें कर दी हैं। फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई अंतिम कार्रवाई सामने नहीं आई है। दोनों पक्षों ने संकेत दिया है कि अगर प्रशासन द्वारा समाधान नहीं किया गया तो मामला अदालत में ले जाया जाएगा।

