42 साल की उम्र में पास की कठिन ट्रेनिंग, मां ने बताई संघर्ष की कहानी
फिरोजपुरः अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से फाजिल्का के नीरज सिंह ने कनाडा पुलिस में भर्ती होकर अपने परिवार और राज्य का नाम रोशन किया है। 42 वर्ष की आयु में बेहद कठिन शारीरिक व मानसिक ट्रेनिंग को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद नीरज ने हाल ही में कनाडा पुलिस में अपनी ड्यूटी ज्वाइन की है। बेटे की इस बड़ी उपलब्धि से मां सरजीत कौर बेहद खुश और भावुक हैं। महज चार साल की उम्र में पिता से अलग होने के बाद उनकी माता सरबजीत कौर ने अकेले ही उनका पालन-पोषण किया और उन्हें बेहतर शिक्षा दी। साल 2009 में नीरज उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड गए और वहां से मास्टर डिग्री हासिल की। 2019 में कनाडा पहुंचे, लेकिन 2023 में नौकरी छूटने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और पुलिस अधिकारी बनने की ठान ली।
इंग्लैंड से कनाडा तक सफर, एक साल चली इंटरव्यू प्रक्रिया
नीरज की माता सरबजीत कौर ने बताया कि नीरज को विदेश गए करीब 16-17 साल हो चुके हैं। शुरुआत में वह करीब 8-9 साल इंग्लैंड में रहा, जहां उसने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया। इसके बाद वह कुछ समय के लिए भारत आया और फिर कनाडा चला गया। कनाडा पहुंचने के बाद उसने पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया, जिसके बाद करीब एक साल तक उसकी बेहद सख्त इंटरव्यू प्रक्रिया चली।
सुबह 4 से रात 11 बजे तक चलती थी ट्रेनिंग
मां सरबजीत कौर ने बताया कि 42 की उम्र में बेटे ने कड़ी परीक्षा दी। इश दौरान बेटे की सुबह 4 से रात 11 बजे तक ट्रेनिंग चलती थी। कनाडा पुलिस की 8 महीने की ट्रेनिंग बेहद चुनौतीपूर्ण थी।
कठिन शारीरिक परीक्षा: रोजाना एक व्यक्ति के वजन के बराबर भार पीठ पर बांधकर एक किलोमीटर तक दौड़ाया जाता था। ट्रेनिंग इतनी सख्त थी कि कम उम्र के युवाओं के भी घुटनों में दर्द होने लगता था और उन्हें दवाइयां लेनी पड़ती थीं।
19 घंटे की मेहनत: सुबह 4 बजे से लेकर रात 11 बजे तक ट्रेनिंग चलती थी। थकान इतनी ज्यादा होती थी कि कई बार खाना खाने तक की सुध नहीं रहती थी।
अधिकारियों ने की सराहना: 42 साल की उम्र होने के बावजूद नीरज ने अपने जज्बे और अनुशासन से सभी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित किया।
मां के संघर्ष और पत्नी के साथ ने दिलाया मुकाम
बेटे के बचपन के दिनों को याद करते हुए सरबजीत कौर ने बताया कि जब नीरज छोटा था, तभी उनका तलाक हो गया था। परिस्थितियों के कारण उन्हें कई बार जगह और नीरज के स्कूल बदलने पड़े, लेकिन नीरज ने कभी हार नहीं मानी और हमेशा पढ़ाई में अव्वल रहा। उसका एक ही सपना था कि वह अपने पैरों पर खड़ा होकर अपनी मां के सारे दुख दूर करे।
सरबजीत कौर ने इस सफलता का श्रेय ईश्वर की कृपा के साथ-साथ अपनी बहू (नीरज की पत्नी) को भी दिया। उन्होंने कहा कि जब भी नीरज कठिन ट्रेनिंग के दौरान थकता या निराश होता था, तो उसकी पत्नी ने एक बेटी की तरह परिवार को संभाला और हमेशा नीरज का हौसला बढ़ाया। आज परिवार की उसी मेहनत और धैर्य का परिणाम सबके सामने है।

