फिरोजपुर: पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत फिरोजपुर पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी मिली है। थाना कैंट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए धोबी घाट के नजदीक दो आरोपियों को 100 ग्राम हेरोइन, 56,500 रुपये की ड्रग मनी और एक ब्रेजा कार सहित काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों के तार नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।
मामले की जानकारी देते हुए थाना कैंट के एसएचओ दविंदर सिंह गरचा ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धोबी घाट के नजदीक एक ब्रेजा कार में कुछ युवक नशीले पदार्थों की तस्करी की फिराक में हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया और जब उनकी कार की तलाशी ली गई, तो उसमें से 100 ग्राम हेरोइन और 56,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
एसएचओ दविंदर सिंह गरचा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है कि वे कितने समय से इस अवैध धंधे में लिप्त हैं और इस पूरे सप्लाई नेटवर्क में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

