लुधियानाः दुगरी इलाके में एक बाइक सवार बदमाश ने सरकारी स्कूल की महिला टीचर को निशाना बना लिया। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाश का पीछा किया तो वह दातर लेकर दोबारा उसके सामने आ गया। आरोप है कि बदमाश ने महिला पर दातर से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ पर चोट आई। इसके बाद आरोपी उसका पर्स छीनकर फरार हो गया। वारदात के समय महिला के साथ उसकी 13 वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। घटना 3 नवंबर की दोपहर करीब 3:45 बजे दुगरी के 200 फुट रोड स्थित फ्लावर एन्क्लेव में रिलायंस स्मार्ट पॉइंट के बाहर की है।
पीड़ित महिला की पहचान गुरप्रीत कौर पत्नी सुखविंदर सिंह सोनी के रूप में हुई है। वह मिलरगंज स्थित सरकारी स्कूल में टीचर हैं। गुरप्रीत कौर के पति सुखविंदर सिंह सोनी ने बताया कि उनकी पत्नी की स्कूल में दोपहर 3 बजे छुट्टी होती है। करीब 3:35 बजे वह अपनी 13 साल की बेटी के साथ एक्टिवा पर घर लौट रही थीं। जब वह दुगरी के 200 फुट रोड पर फ्लावर चौक के नजदीक गुरु अंगद देव कॉलोनी में रिलायंस स्मार्ट पॉइंट के बाहर पहुंचीं तो टी-शर्ट पहने एक बाइक सवार युवक आया।
आरोप है कि युवक ने हुक की मदद से उनकी पत्नी के एक्टिवा से पर्स छीन लिया। इस दौरान पर्स बदमाश के वाहन के साइलेंसर में फंस गया और कुछ दूरी पर जमीन पर गिर गया। गुरप्रीत कौर ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचाया और बदमाश का पीछा करना शुरू कर दिया। सुखविंदर सिंह के मुताबिक पीछा करने के दौरान बदमाश से पर्स सड़क पर गिर गया। गुरप्रीत ने अपना एक्टिवा गिराकर पर्स उठाने की कोशिश की। इसी दौरान बदमाश ने पर्स को लात मारकर थोड़ा आगे खिसका दिया, लेकिन गुरप्रीत ने पर्स उठा लिया।
इसके बाद जब वह पर्स लेकर वापस घर की तरफ जाने लगीं तो अगले चौक पर गली के नुक्कड़ पर वही बदमाश दातर लेकर खड़ा मिला। आरोप है कि उसने अचानक गुरप्रीत पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके हाथ पर चोट लग गई। बदमाश दोबारा पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया। सुखविंदर सिंह ने बताया कि पर्स में दो मोबाइल फोन, 5 हजार रुपए नकद और सरकारी पहचान पत्रों सहित जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना की सूचना थाना सदर की पुलिस को दी गई है। पुलिस को इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी उपलब्ध करवा दी गई है। परिवार ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
