अमृतसरः बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में अमृतसर के भंडारी ब्रिज पर भगवान वाल्मीकि संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा शुरू की भूख हड़ताल आखिरकार 10वें दिन समाप्त हो गई। प्रशासन के साथ समझौता होने के बाद बरनाला लाठीचार्ज के पीड़ित परिवार अमृतसर पहुंचे और संत समाज की मौजूदगी में भूख हड़ताल पर बैठे तीन प्रदर्शनकारियों को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया गया।
इस मौके पर यूनियन नेताओं ने बताया कि पंजाब सरकार सफाई कर्मचारियों की अहम मांगों पर सहमत हो गई है। समझौते के अनुसार जिन कर्मचारियों का तीन साल का अनुबंध पूरा हो चुका है, उन्हें पक्का किया जाएगा और आउटसोर्स कर्मचारियों को अनुबंध प्रणाली के तहत लाया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के समापन के दौरान भूख हड़ताल करने वालों को पहले व्रत तोड़ने के लिए जूस दिया और फिर भोजन कराया गया। इस अवसर पर संघर्ष में शामिल महिलाओं और अन्य साथियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
यूनियन नेताओं ने कहा कि बरनाला लाठीचार्ज मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बाकी मांगों को पूरा करने के लिए प्रशासन को 10 दिन का और समय दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर मांगें पूरी नहीं की तो सफाई कर्मचारी और सामाजिक संगठन फिर से संघर्ष का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।