अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने नकली पुलिसकर्मी बनकर लाइसेंसी पिस्टल हड़पने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना सिविल लाइंस की पुलिस टीम ने मुकदमा 2 अगस्त के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुक्खा सिंह के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 26 साल बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, एक स्विफ्ट कार, फर्जी नंबर प्लेट PB08-CS-3215, पंजाब पुलिस की वर्दी, महकमा पुलिस का फर्जी पहचान पत्र, एसी, इन्वर्टर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, करण भाटिया कोर्ट रोड स्थित जेआर भाटिया गन हाउस का मालिक है। करण भाटिया ने शिकायत दी थी कि 18 जुलाई 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को थाना सिविल लाइंस का एस.एच.ओ. बताते हुए फोन किया और पिस्टल देखने के लिए अपना मुलाजिम भेजने की बात कही। कुछ समय बाद पंजाब पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति सफेद रंग की स्विफ्ट कार में दुकान पर पहुंचा और खुद को एस.एच.ओ. द्वारा भेजा हुआ बताकर पिस्टल ले गया। बाद में जांच के दौरान पता चला कि न तो एस.एच.ओ. द्वारा कोई फोन किया गया था और न ही किसी पुलिस मुलाजिम को भेजा गया था।
इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी सबूतों के आधार पर 3 अगस्त को राम तीर्थ रोड इलाके से आरोपी को काबू कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने थाना मजीठा रोड के इलाके में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में अलग मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और इस तरह की अन्य वारदातों का पर्दाफाश किया जा सके।