अमृतसरः जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। छेरहटा के न्यू मॉडल टाउन खंडवाला इलाके में एक भाई द्वारा अपनी ही बहन पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
CCTV में दिखता है कि जैसे ही युवती अपने घर से बाहर निकलती है, एक कार आकर वहां रुकती है और कार से उसका भाई और पिता बाहर निकलते हैं। इसके बाद भाई अपने हाथ में मौजूद लोहे की रॉड से बहन पर हमला करना शुरू कर देता है। युवती दर्द से चिल्लाते खुद को बचाने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी उस पर लगातार हमला करता रहता है। इस दौरान पिता भी मौके पर मौजूद होते हैं, लेकिन हमले को रोकने की कोई कोशिश नहीं करते दिखे। कुछ देर बाद दूसरे भाई की पत्नी घर से बाहर आती है, जिसे देखकर आरोपी मौके से भाग जाता है।
पीड़िता के भाई मनदीप सिंह ने बताया कि उनकी बहन नवदीप कौर उनसे मिलने मुंबई से अमृतसर आई थी। जब वह अपने ससुराल जाने के लिए घर से निकली तो छोटे भाई और पिता ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके दोनों पैरों और हाथों पर गंभीर चोटें आईं और एक पैर दो जगहों से टूट गया।
मनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि इस हमले की मुख्य वजह पारिवारिक संपत्ति का विवाद है। उनके अनुसार छोटा भाई सारी संपत्ति अपने नाम करवाना चाहता है और इसी वजह से उसने पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट की है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी शराब के नशे में परिवार के सदस्यों के घर जाकर पिता से झगड़ा करता था।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पीड़िता का सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। परिवार ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस बीच छेरहटा पुलिस स्टेशन के एसएचओ बलविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस इस मामले पर ध्यान दे रही है। पीड़िता की हालत गंभीर होने के कारण अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। बयान दर्ज होते ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।