अमृतसरः देहात पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के दौरान 2 अलग-अलग मामलों में 16 किलो हेरोइन सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी कमलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार 4.0’ के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना घरिंडा की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो नौजवानों को रोककर तलाशी ली।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई चेकिंग के दौरान उनसे 10 किलो हेरोइन बरामद हुई। इस मामले को लेकर थाना घरिंडा में मुकदमा नंबर 339 दर्ज किया गया। एसएसपी ने बताया कि इसी दिन एक और कार्रवाई के दौरान 1 किलो हेरोइन बरामद कर मुकदमा नंबर 340 दर्ज किया गया। इसके अलावा धनोए कलां गांव में ड्रोन से गिराई गई 5 किलो हेरोइन भी बरामद की गई। जब एक व्यक्ति इस खेप को उठाने के लिए पहुंचा तो पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जसबीर सिंह उर्फ मोनू और अमृतपाल सिंह उर्फ मोटा निवासी रणगढ़ के रूप में हुई है। एसएसपी ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार 4.0’ के दौरान मिली हर सूचना की तकनीकी जांच की जा रही है और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में गश्त और बढ़ा दी है। इसके साथ ही सांझ केंद्रों, गांवों और गुरुद्वारा साहिबान के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए सहयोग दें।