अमृतसर: जम्मू-कश्मीर और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सीमावर्ती इलाके से होकर बहने वाली रावी नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। एसडीएम अजनाला डा. चारूमिता ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश के कारण रावी नदी में पानी का स्तर बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और इस समय किसी भी प्रकार की खतरे वाली स्थिति नहीं है। उन्होंने भरोसा दिया कि रावी नदी में आया यह अतिरिक्त पानी आसानी से पाकिस्तान की ओर बह जाएगा और बाढ़ जैसी स्थिति बनेगी इसका कोई अंदेशा नहीं है। एसडीएम डा. चारूमिता ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह चौकस है और नदी के किनारे बसे इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी आवश्यक जानकारी के लिए केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा रखें।
