पठानकोटः पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने माधोपुर हेडवर्क्स का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य के लोगों को आश्वस्त करते कहा कि क्षेत्र में फिलहाल बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। धालीवाल ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और ऊपरी इलाकों में हुई बारिश के बावजूद रंजीत सागर डैम से पानी का बेहतर प्रबंधन किया गया है। नहरों में पानी का बहाव नियंत्रित है, जिससे माझा क्षेत्र जैसे अमृतसर, गुरुदासपुर और तरनतारन की सिंचाई में मदद मिल रही है। अधिकारियों ने सभी गेट्स और तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया है ताकि पिछले वर्ष जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।
जल प्रबंधन के साथ-साथ मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने देश में चल रहे NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का ‘एजुकेशन माफिया’ लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए धालीवाल ने मांग की कि प्रधानमंत्री को खुद इस मामले में दखल देना चाहिए और देश के शिक्षा मंत्री को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

