लुधियानाः जिले में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। आए दिन चोर वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे है। वहीं ताजा मामला भरत नगर चौक के पास से सामने आया है। जहां देर रात ‘एक्सप्रेस वेजिटेबल रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल लेकर चोर फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर पैदल आता है और आसपास देखने लग जाता है। जिसके बाद वह बेखौफ होकर बाइक का ताला तोड़ देता है। जब वह घटना स्थल से बाइक लेकर फरार होने लगता है तो बाइक स्टार्ट नहीं होती, लेकिन वह कोशिश जारी रखता है और बाइक स्टार्ट होने पर वह मौके से फरार हो जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित बाइक सवार रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए आया था और उसने पार्क में बाइक खड़ी की थी। खाना खाने के बाद जब चालक बाहर आता है तो देखता है कि पार्किंग से उसकी बाइक गायब थी। इस दौरान जब उसने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो पता चला कि नौसरबाज उसकी बाइक चुराकर फरार हो गया। पीड़ित ने थाना 5 की पुलिस को शिकायत दे दी है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर पीड़ित के बयानों पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

