लुधियानाः शहर में जुआ और सट्टेबाजी का काम दीवाली से पहले शुरू हो गया। वहीं जुए और सट्टे के कुछ वीडियो और फोटो सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो थाना डिवीजन नंबर-3 के अंतर्गत सीएमसी चौक के पास स्थित एक होटल के हैं। इनमें दिख रहा है कि पूल की टेबल पर 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां रखी हैं और डाइस फेंककर दांव लगाए जा रहे हैं। जुआ खेलते लोगों का करीब ढाई मिनट का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि जुआरियों की बड़ी महफिल जमी हुई है। पूल टेबल के चारों ओर करीब 12 से 15 लोग मौजूद हैं।
टेबल पर 500-500 रुपए के नोटों के बंडल रखे हुए हैं। बंडलों के अलावा खुला कैश भी दिख रहा है। पूल टेबल के चारों ओर मौजूद लोग दांव लगा रहे हैं। कोई नोटों का बंडल पटक कर, तो कोई खुला कैश टेबल पर डालकर दांव खेल रहा है। इस खेल को देखने के लिए भी कई लोग मौजूद हैं। दांव लगाने के बाद एक व्यक्ति डाइस फेंकता है। कथित तौर पर सीएमसी चौक के पास स्थित होटल का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आई है। थाना डिवीजन नंबर-3 के एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया है कि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस टीमों ने कई जगहों पर रेड की है।
पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब की है, और कहां की है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधि कहां और कब हुई थी और मामले में किन लोगों की भूमिका सामने आती है। बता दें कि जुआ और सट्टेबाजी की गतिविधियों को लेकर जिन इलाकों के नाम चर्चा में हैं, उनमें सीएमसी चौक, जनकपुरी, गणेश नगर रोड, नीला झंडा रोड, ईसा नगर की पुली, प्रेम नगर, फील्ड गंज, सलेम टाबरी, हैबोवाल, न्यू माधोपुरी, आरके रोड, दशमेश नगर, मॉडल टाउन, चीमा चौक, साउथ सिटी, पक्खोवाल रोड और सराभा नगर शामिल हैं।