श्री मुक्तसर साहिबः गिद्दड़बाहा के पास स्थित गांव भुट्टीवाला के गुरुद्वारा साहिब में शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की दुखद घटना हुई। आग सुख आसन स्थान पर लगी, जिस कारण श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों को नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ स्वरूप अग्नि-भेंट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की तुरंत कार्रवाई से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। गुरुद्वारा साहिब में लगा एसी भी ब्लास्ट हुआ है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना कोटभाई के एसएचओ दीपिका कंबोज ने बताया कि आग के कारण श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों को नुकसान पहुंचा है और कुछ स्वरूप अग्नि-भेंट हुए हैं। इसके अलावा गुटका साहिब और अन्य पवित्र अंगों के संबंध में भी जांच की जा रही है। इस दुखद घटना से इलाके की संगत और गांव वालों में गहरा शोक है। प्रशासन द्वारा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

