अमृतसरः गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पंजाब की राजनीति में अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के फिर से एक साथ आएगी। इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ ने अमृतसर के रंजीत एवेन्यू स्थित गुरुद्वारा छेवीं पातशाही में माथा टेका और पंजाब की खुशहाली और तरक्की के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर तरुण चुघ ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के दिन भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल पंजाब की भलाई और तरक्की के एक बड़े विजन के साथ एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का मकसद पंजाब को नशों, गैंगस्टरों और जबरन वसूली के चंगुल से मुक्त कराना है।
तरुण चुघ ने बताया कि वे गुरु के दरबार में पंजाब को नशामुक्त, गैंगस्टर-मुक्त और प्रगतिशील राज्य बनाने की प्रार्थना करने आए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समय की जरूरत उड़ता पंजाब के बजाय एक उभरता पंजाब बनाने की है। पंजाब में मुख्यमंत्री पद के चेहरे से जुड़े एक सवाल का जवाब देते तरुण चुघ ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने 31 दिसंबर, 2029 तक पंजाब को नशामुक्त और गैंगस्टरों से मुक्त बनाने का संकल्प लिया है।
वहीं अकाली दल और भाजपा के बीच बड़े भाई और छोटे भाई की भूमिकाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाई तो भाई होता है, और भाइयों के बीच खून का रिश्ता होता है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाबियत की झलक दोनों ही पार्टियों में देखने को मिलती है।

