लुधियाना: जिले के फोकल प्वाइंट इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां, अरोड़ा स्टील फैक्ट्री में काम करने वाला एक मजदूर ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग के पास वह बाथरूम करने के लिए रुका, तभी अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही बुरी तरह झुलस गया।
View this post on Instagram
जानकारी के मुताबिक, दुर्गा कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय राम विलास अरोड़ा स्टील फैक्ट्री में हेल्पर के तौर पर काम करते हैं। रोज की तरह वह शाम को अपनी ड्यूटी पूरी करके घर जा रहे थे। जब वह रेलवे लाइनों के पास पहुंचे तो बाथरूम करने के लिए रुक गए। इसी दौरान वह किसी हाई वोल्टेज बिजली लाइन या करंट के संपर्क में आ गए।
करंट लगते ही जमीन पर गिर पड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगते ही राम विलास जोर-जोर से चीखने लगे और कुछ ही सेकंड में जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद उनके साथी कर्मचारी तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। लोगों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और गंभीर हालत में राम विलास को वहां से निकाला।
साथी कर्मचारियों ने पहुंचाया घर, फिर अस्पताल ले गए परिजन
हादसे के बाद साथी कर्मचारियों ने राम विलास को उनके घर पहुंचाया। सूचना मिलते ही उनका बेटा अर्जुन और अन्य परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उपचार शुरू किया।
शरीर का 50 प्रतिशत हिस्सा झुलसा
डॉक्टरों के अनुसार, हाई वोल्टेज करंट की वजह से राम विलास का करीब 50 प्रतिशत शरीर झुलस गया है। करंट का असर इतना खतरनाक था कि उनकी छाती, बाजुओं और दोनों पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव और छेद बन गए हैं।
पीजीआई चंडीगढ़ किया गया रेफर
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद भी राम विलास की हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
राम विलास अपने परिवार के कमाने वाले सदस्य हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन उनकी जल्द से जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
