अमृतसरः श्री दरबार साहिब के बाहर कॉरिडोर इलाके में विवाद 550 रुपये के लेन-देन को लेकर युवकों द्वारा फायरिंग मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे वर्ना कार भी बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक बीते रात 4-5 युवक सामान खरीदने के लिए ‘विनोद किराना स्टोर’ आए थे। दुकानदार विनोद मल्होत्रा के अनुसार युवकों ने करीब 550 रुपये का सामान लिया, लेकिन गूगल पे (Google Pay) से सिर्फ 230 रुपये का भुगतान किया। बाकी रकम मांगने पर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक हो गई।
आरोप है कि युवकों ने पिस्तौल निकाली और दुकान की तरफ अंधाधुंध 4-5 राउंड फायरिंग की। इस घटना में दुकान के मालिक विनोद मल्होत्रा घायल हो गए, जबकि पास के ढाबे पर काम करने वाला एक युवक भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गया।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि हमलावर नशे में थे और स्थानीय निवासी नहीं लग रहे थे। उनके पास दो कारें थीं और उन्होंने करीब एक घंटे तक इलाके में दहशत का माहौल बनाए रखा। उन पर अन्य लोगों के साथ भी झगड़ा करने और हमला करने का आरोप है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से न्याय और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है और मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल बाकी की तलाश जारी है।
