अलमारियां-तोड़ 5 लाख कैश और 40-तोले सोना ले हुए फरार
अमृतसरः जिले के जंडियाला गुरु के अधीन गांव जानियां में बीती रात चोरों ने एक किसान के घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बलविंदर सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह के घर में घुसकर करीब 5 लाख रुपये नकद, 35 से 40 तोले सोने के गहने और 8 से 10 कीमती घड़ियां चोरी कर लीं।
नशीला पदार्थ सुंघाकर परिवार को किया बेहोश
पीड़ित बलविंदर सिंह ने बताया कि चोर घर के बाहरी गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और ग्रिल तोड़कर कमरे में पहुंच गए। आरोप है कि चोरों ने परिवार को कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया, जिसके बाद उन्होंने अलमारियां तोड़कर नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी हुए गहनों में उनकी बेटी और बहू के आभूषणों के अलावा परिवार के बुजुर्गों की निशानी के रूप में संभालकर रखा गया सोना भी शामिल है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
