चंडीगढ़: हरियाणा में खरीफ फसलों की खरीद के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में मूंग की खरीद एक अक्टूबर से 38 मंडियों में शुरू होगी। गौरतलब है कि राज्य में खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य मूंग का 8,780 रुपये प्रति क्विंटल, अरहर का 8,450 रुपये, उड़द का 8,200 रुपये, तिल का 10,346 रुपये, मूंगफली का 7,517 रुपये तथा सोयाबीन का 5,708 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने खरीद योजना की समीक्षा करते हुए अनुमानित उत्पादन, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), खरीद कार्यक्रम, मंडियों में व्यवस्थाओं, भंडारण तथा खरीद एजेंसियों की तैयारियों का जायजा लिया। वर्ष 2026-27 के लिए राज्य में मूंग, अरहर, उड़द, तिल, मूंगफली और सोयाबीन का कुल अनुमानित उत्पादन 52,761 टन आंका गया है। इनमें मूंग का अनुमानित उत्पादन 34,326 टन और मूंगफली का 16,456 टन है। इसके अतिरिक्त तिल का उत्पादन 1,222 टन, अरहर का 567 टन, उड़द का 164 टन तथा सोयाबीन का 26 टन अनुमानित है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र सिंह ने बताया कि मूंग की खरीद 1 अक्टूबर से 15 नवंबर तक 38 मंडियों में की जाएगी। सोयाबीन की खरीद 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक सात मंडियों में तथा मूंगफली की खरीद 1 नवंबर से 31 दिसंबर तक सात मंडियों में होगी। अरहर, उड़द और तिल की खरीद 1 दिसंबर से शुरू होगी। इन फसलों के लिए राज्य में क्रमशः 22, 10 और 27 मंडियां निर्धारित की गई हैं।