पोस्टमार्टम करने के लिए अनुभवी कर्मचारी को आऊट सोर्स पर तैनात करने की प्रस्ताव पारित किया
बददी, सचिन बैंसल: बद्दी ( उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बद्दी की अध्यक्षता में शनिवार को नागरिक अस्पताल बद्दी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोटीवाला की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की वार्षिक गवर्निंग बॉडी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में दोनों अस्पतालों की वित्तीय स्थिति, विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न एजेंडों को अनुमोदित किया गया।
बैठक में नागरिक अस्पताल बद्दी के नए भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 36.64 लाख रुपये की प्राप्तियों के विरुद्ध 22.41 लाख रुपये के व्यय तथा 14.23 लाख रुपये की शेष राशि को अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 65.70 लाख रुपये की अनुमानित आय तथा 64.45 लाख रुपये के प्रस्तावित बजट को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा आरकेएस की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कैंटीन भवन, ड्रग एवं ड्रेसिंग आउटलेट, ओपीडी कमरों में पार्टिशन, वार्डों में स्टाफ नर्स वर्क स्टेशन, सुरक्षा द्वार एवं रैंप निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा पोस्टमार्टम कार्य में सहयोग हेतु अनुभवी सेवानिवृत्त कर्मचारी की सेवाएं जारी रखने संबंधी प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया।
गवर्निंग बॉडी ने अस्पताल में सफाई, सुरक्षा एवं डेटा एंट्री सेवाओं को आउटसोर्स आधार पर जारी रखने का निर्णय लिया। बैठक में अस्पताल परिसर में प्रस्तावित कैंटीन एवं केमिस्ट शॉप की स्थापना के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे अस्पताल की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।
इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोटीवाला की आरकेएस बैठक में अस्पताल के नए भवन में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय विवरण तथा वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित बजट को मंजूरी प्रदान की गई। साथ ही अस्पताल की आवश्यकताओं के अनुसार दवाइयों, उपकरणों, प्रयोगशाला सामग्री, फर्नीचर, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद तथा छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों के लिए सामान्य स्वीकृति भी प्रदान की गई।
बैठक के दौरान सदस्यों ने अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने संबंधी सुझाव भी दिए। अध्यक्ष एसडीएम बद्दी ने स्वास्थ्य संस्थानों में पारदर्शिता, स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि रोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्वीकृत योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर विस्तार एवं विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। बैठक में दून के विधायक राम कुमार चौधरी, बीएमओ डॉ. अनिल आरोड़ा, बीडीओ कुलदीप सिंह, एसएमओ डॉ. महावीर चौहान, डॉ. अशीष भाटिया, एसडीओ मनीष ठाकुर, एनयूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रणेश राणा,प्रेस क्लब बददी के अध्यक्ष सचिन बैंसल, संजीव कुंडलस, अच्छरपाल कौशल, बलजिंद्र सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी योगिता चौधरी भी उपस्थित रही।
