पंचकूलाः पिंजौर के ईशर नगर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ टूटकर एक्टिवा पर आ गिरा। गनीमत रही कि हादसे से कुछ ही सेकंड पहले महिला और बुजुर्ग दुकान के अंदर पहुंच चुकी थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान जय दुर्गा स्वीट्स शॉप के मालिक दुष्यंत ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी माता और उनकी पत्नी एक्टिवा पर सवार होकर दुकान पर आई थीं। जैसे ही उन्होंने एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी की और दुकान के अंदर पहुंचे, तभी अचानक पेड़ का विशाल तना टूटकर एक्टिवा पर आ गिरा।
अगर उनकी माता और पत्नी कुछ सेकंड और बाहर खड़ी रहतीं, तो यह तना सीधे उनके ऊपर गिर सकता था। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
दुकान मालिक दुष्यंत ने आगे बताया कि हादसे के बाद उन्होंने बिजली विभाग को इसकी शिकायत भी दी थी। उनका कहना है कि इलाके में कई बड़े-बड़े तने और शाखाएं बिजली की तारों के ऊपर झुकी हुई हैं, जिन्हें अक्सर विभाग की बड़ी गाड़ियों की मदद से काटा जाता रहा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि सड़क के ऊपर लटक रहे ये भारी तने कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
दुष्यंत के अनुसार इस शिकायत को करीब 10 से 12 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि फिलहाल उनके पास बड़ी गाड़ी उपलब्ध नहीं है। अब स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े खतरनाक पेड़ों और भारी तनों को जल्द हटाया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

