पंचकूलाः जिले में जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर चंडीमंदिर लाइट प्वाइंट के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शिमला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने पहले सामने आ रही दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूसरी कार अनियंत्रित होकर एक टेंपो ट्रैवलर से जा भिड़ी। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहा एक मोटरसाइकिल सवार भी वाहनों की चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कार सवार जगत राम ने बताया कि वह मोरनी से पंचकूला अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी शिमला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी गाड़ी के एयरबैग खुल गए और उनकी नई कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार घूमकर कालका-शिमला की ओर जाने वाले हाईवे मार्ग पर आ गई। वहां उसने एक टेंपो ट्रैवलर को भी टक्कर मारी। इसी दौरान एक बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई और टेंपो ट्रैवलर के नीचे जा घुसी। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिमला की ओर से आ रही कार का ड्राइवर कथित तौर पर नशे की हालत में था और उसके साथ कुछ युवतियां भी सवार थीं। टेंपो ट्रैवलर के ड्राइवर ने बताया कि वह पंचकूला से नालागढ़ स्टाफ को लेकर जा रहे थे और उनकी नई गाड़ी भी इस हादसे में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
