पंचकूलाः पुलिस टीम द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक में तस्करी कर लाई जा रही 22 किलोग्राम चूरा पोस्त की खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक गुरचरण सिंह उर्फ गुड्डु (60), निवासी पिंजौर, जिला पंचकूला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार 18 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने ट्रक में राजस्थान से चूरा पोस्त लेकर मौली-बरवाला मार्ग से पिंजौर आने वाला है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में मौके पर पहुंची और ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। ट्रक की तलाशी के दौरान चालक सीट के पीछे रखे कट्टे से 22 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बरामद चूरा पोस्त राजस्थान से खरीदा है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है इस दौरान पुलिस मुख्य सप्लायर को पकड़ने के साथ-साथ यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ किन-किन लोगों को सप्लाई करता था और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।
