शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देश पर श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दीपावली के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा प्रदेश के 11 ज़िलों के 1,444 लाभार्थियों को लगभग 6 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। आज मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर, शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर की उपस्थिति में लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।

उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह, आवास तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। उन्होंने पात्र श्रमिकों से बोर्ड की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। सरकार का प्रयास है कि विकास की मुख्यधारा में श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग मिलता रहे।
इसी प्रकार जिला शिमला में 183 लाभार्थियों को 72,97,200 रुपये, ज़िला बिलासपुर में 173 लाभार्थियों को 65,53,800 रुपये तथा ऊना में 142 लाभार्थियों को 1,05,09,700 रुपये की सहायता प्रदान की गई। सोलन ज़िला में 10 लाभार्थियों को 5,95,000 रुपये तथा कुल्लू ज़िला में 38 लाभार्थियों को 9,45,600 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
