नई दिल्लीः दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट इस समय ग्लोबल आउटेज का सामना कर रही है। इससे दुनियाभर के लाखों लोगों का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। दरअसल तकनीकी खराबी की वजह से कंपनी की सेवाएं ठप पड़ गई हैं। वैश्विक तकनीकी दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की क्लाउड और संचार सेवाओं में आई भारी तकनीकी खराबी (आउटेज) ने दुनिया भर के कामकाजी माहौल को हिलाकर रख दिया है। इसकी वजह से Teams, Outlook, OneDrive और AI टूल Copilot ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
इसकी वजह से कारोबार, ईमेल और ऑफिस कम्युनिकेशन ठप सा पड़ गया है और माइक्रोसॉफ्ट को भी सेवाएं बहाल करने में परेशानी आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अकेले आउटलुक को लेकर दुनियाभर में 1,40,000 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। कंपनी की ओर से परेशानी ठीक होने की कोई टाइमलाइन साफ नहीं की गई है। हालात तब और जटिल हो गए जब तकनीकी खामी को दूर करने के लिए कंपनी द्वारा उठाए गए शुरुआती कदम नाकाम साबित हुए।
इस व्यवधान से वैश्विक स्तर पर ईमेल, कार्यस्थल संवाद और रोजमर्रा की व्यावसायिक गतिविधियां रुक-सी गई हैं। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, यह समस्या माइक्रोसॉफ्ट 365 एप्लिकेशन सूट पर निर्भर उपयोगकर्ताओं के लिए व्यापक कनेक्टिविटी संकट लेकर आई है। इस तकनीकी गड़बड़ी की सीधी मार माइक्रोसॉफ्ट टीम्स, आउटलुक ईमेल, वनड्राइव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल कोपायलट पर पड़ी है।
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने आधिकारिक अपडेट में स्वीकार किया कि सर्विस उपलब्धता सुधारने के लिए किए गए तकनीकी बदलाव “उम्मीद के अनुसार प्रभावी साबित नहीं हो रहे हैं”। कंपनी इस समय नेटवर्क ट्रैफिक मैनेजमेंट में बने लगातार असंतुलन (ट्रैफिक इम्बैलेंस) से जूझ रही है। बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) की क्षमता में आई कमी को दूर करने के लिए कंपनी अब वैकल्पिक तकनीकी रास्तों पर काम कर रही है। कंपनी ने साफ किया है कि वर्तमान में किए गए बदलाव पूरी तरह स्थिर होने के बाद ही अगले सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
