जालंधर, ENS: चुनमुन चौक के पास 2 गाड़ियों में टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटनाग्रस्त हुई महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी (नंबर PB08 EZ 7545) का बंपर और एक्सेल पूरी तरह टूट गया। गाड़ी के चारों एयरबैग्स खुलने की वजह से चालक की जान बच सकी। मौके पर मौजूद चश्मदीद निखिल ने बताया कि चौक पर ट्रैफिक लाइटें काम नहीं कर रही थीं। उन्होंने बताया कि इस रास्ते से लोग शहर से बाहर निकलने के लिए तेज रफ्तार में गाड़ियां निकालते हैं, जिससे यहाँ अक्सर बड़े एक्सीडेंट होते हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और जानी नुकसान से बचाव हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रैफिक लाइटें बंद होने और चौक पर अंधेरा होने की वजह से यहां अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने आपस में लिखित राजीनामा कर लिया है। हादसे का शिकार हुई दूसरी गाड़ी के चालक नीरज कुमार (निवासी जालंधर हाइट्स) ने बताया कि वह अमरदास चौक की तरफ से आ रहे थे। तभी सामने से आ रही गाड़ी की रिफ्लेक्शन की वजह से उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया। उन्होंने गाड़ी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन फिर भी टक्कर हो गई। नीरज ने पुष्टि की कि दूसरी गाड़ी में एक महिला (डॉ. सैनी) थीं और दोनों में से किसी को भी चोट नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही बस स्टैंड पुलिस चौकी से एएसआई दिलबाग सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह एक्सीडेंट डॉ. सैनी और नीरज कुमार की गाड़ियों के बीच हुआ था। राहत की बात यह है कि किसी को कोई चोट नहीं लगी, सिर्फ गाड़ियों का (मशीनरी) नुकसान हुआ है। दोनों पक्षों ने अपनी मर्जी से आपसी सहमति जताते हुए लिखित में राजीनामा कर लिया है और वे अपनी-अपनी गाड़ियों का काम खुद करवाएंगे।

