क्षत-विक्षत शव देखकर इंस्पेक्टर की तबीयत बिगड़ी
पालीः जाडन टोल प्लाजा के पास ट्रेलर द्वारा आरटीओ ड्राइवर को कुचलने का मामला सामने आया है। हादसा इतना भयानक था कि आरटीओ के सिर और सीना पर से ट्राले का टायर निकल गया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर कुचला हुआ शव देखकर इंस्पेक्टर की तबीयत खराब हो गई। जैसे-तैसे बॉडी को बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहीं आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
जानकारी देते आरटीओ इंस्पेक्टर शंभूलाल बलाई ने बताया कि केशव नगर क्षेत्र के रहने वाले रामलाल (52) जाडन टोल प्लाजा के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे पाली से सोजत की ओर जा रहे एक ट्रेलर को रोकने के लिए रामलाल सड़क पर पहुंचे और ड्राइवर को वाहन साइड में लेने का इशारा किया। इसी दौरान ड्राइवर ने ट्रेलर सीधे रामलाल के ऊपर चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद रामलाल की चीख सुनकर आरटीओ टीम मौके पर दौड़ी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एंबुलेंस से बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवा कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

