जालंधर, ENS: फुटबॉल चौक और एपीजे कॉलेज के पास कैंटर ने आई-20 कार को टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार ज्वाला पेट्रोल पंप मालिक की नई गाड़ी थी। जिसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना के दौरान लोगों ने पीछा करके कैंटर चालक को फुटबॉल चौक के पास काबू कर लिया। जिसके बाद घटना स्थल पर भारी हंगामा शुरू हो गया। दरअसल, इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार सवार पेट्रोल पंप मालिक बाल-बाल बच गए। लोगों का आरोप है कि कैंटर चालक नशे में था। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना जालंधर के एपीजे कॉलेज के पास की है। पीड़ित कार सवार की पहचान स्थानीय पेट्रोल पंप मालिक भारत भूषण चावला के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह अपने ऑफिस (ज्वाला पेट्रोल पंप) से आ रहे थे और एपीजे कॉलेज के पास रेड लाइट पर खड़े थे। जैसे ही ट्रैफिक सिग्नल ग्रीन हुआ, उन्होंने अपनी आई-20 कार आगे बढ़ाई। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कैंटर चालक ने लापरवाही से गाड़ी घुमाई और उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।
हादसे के बाद कैंटर चालक ने गाड़ी रोकने से मना कर दिया और मौके से भाग खड़ा हुआ। पीड़ित भारत भूषण चावला ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और अन्य लोगों की मदद से उस कैंटर का पीछा करना शुरू किया। रास्ते में तैनात पुलिस के जवानों को भी इसकी सूचना दी गई। आरोपी चालक पुलिस को चकमा देकर एक के बाद एक चौक पार करता हुआ भागता रहा। आखिरकार, बीएमसी चौक के पास पुलिस और पीड़ित ने घेराबंदी करके कैंटर को जबरन रुकवाया। पीड़ित और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हरियाणा नंबर (HR 24) वाले इस कैंटर का चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। वह खाली कैंटर लेकर जा रहा था और उसकी हरकतों को देखकर लग रहा था कि वह किसी गंभीर नशे की हालत में था।
लोगों का कहना है कि आरोपी ने भागने के चक्कर में रास्ते में कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में लेने की कोशिश की, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और आरोपी कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
