पलवलः हरियाणा के पलवल में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पलवल में बड़ी कार्रवाई करते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के क्लर्क योगराज को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, क्लर्क योगराज पर एक सरकारी कार्य के बदले शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है या नहीं।
एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो से करें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

