जालंधरः आजादी के बाद पंजाब में पहली बार होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जालंधर का बर्लटन पार्क स्थित सुरजीत हॉकी स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष प्रयासों से रिकॉर्ड 4 महीनों में तैयार हुए विश्व स्तरीय स्टेडियम का उद्घाटन 27 अक्टूबर ठीक 5 बजे मुख्यमंत्री खुद करेंगे।
टूर्नामेंट की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हॉकी पंजाब के प्रधान व हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली, डिप्टी कमिश्नर (डीसी) वरिजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने संयुक्त रूप से स्टेडियम का निरीक्षण किया और मीडिया से बातचीत की।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 27 अक्टूबर को शाम 5:00 बजे उद्घाटन समारोह का शुभारंभ करेंगे और टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण करेंगे। इससे पहले सुबह दो मैच खेले जाएंगे।
भारत समेत कुल 6 अंतरराष्ट्रीय टीमें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं। भारत का पहला मुकाबला उद्घाटन के दिन शाम 7:00 बजे बांग्लादेश के खिलाफ होगा।
27 अक्टूबर को पहला मैच दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा। इसके बाद के दिनों में (29 अक्टूबर से) अन्य मैच दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि भारत का हर मैच तय समयानुसार शाम 7:00 बजे खेला जाएगा।
सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली में खेले जाएंगे। 4 दिसंबर को सेमीफाइनल और 5 दिसंबर को फाइनल मुकाबला होगा, जिसका समापन समारोह भी मुख्यमंत्री मान की मौजूदगी में संपन्न होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मैच देखने के लिए आने वाले सभी दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क (फ्री) है।
दर्शक ticketjhni.com वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद टिकट या क्यूआर कोड सीधे उनके मोबाइल फोन पर आ जाएगा, जिसे गेट पर दिखाकर आसानी से प्रवेश पाया जा सकता है।
स्कूली बच्चों और पंजाब भर के हॉकी खिलाड़ियों को विशेष रूप से मैच दिखाने के प्रबंध किए गए हैं ताकि युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव और प्रेरणा मिल सके।
उद्घाटन समारोह को एक बड़े उत्सव का रूप दिया जा रहा है। लगभग दो घंटे चलने वाले इस समारोह में कई खास आकर्षण होंगे , हॉकी के इतिहास को दर्शाता विशेष ड्रोन शो। प्रसिद्ध पंजाबी गायक निंजा की लाइव परफॉर्मेंस। पंजाब की पारंपरिक लोक कला गिद्दा और भांगड़ा।
सीपी सतिंदर सिंह ने बताया कि दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक और पार्किंग के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एचएमवी कॉलेज चौक से सीधा डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर की साइडलाइन से होते हुए बर्लटन पार्क के गेट तक का सुगम रास्ता बनाया गया है। स्टेडियम के पास ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से दर्शक मात्र 100 से 200 मीटर पैदल चलकर आसानी से स्टेडियम तक पहुंच सकते हैं।
प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि मैच और उद्घाटन समारोह का आनंद समय पर उठाने के लिए तय समय से आधा से पौना घंटा पहले स्टेडियम पहुंचें। इस बार हॉकी इंडिया का आधिकारिक टाइअप जियो हॉटस्टार (JioHotstar) के साथ हुआ है। इस टूर्नामेंट के साथ ही आगे से हॉकी इंडिया के सभी अंतरराष्ट्रीय मैच जियो हॉटस्टार पर भी लाइव प्रसारित किए जाएंगे।