ऊना/सुशील पंडित: बड़े भव्य रूप से समाप्त हुए राज्य स्तरीय हरोली उत्सव के बाद पंजाब के एक कलाकार जॉनी महे द्वारा एक विवादित विषय उठाया गया है । उन्होंने ऊना के उप मंडल अधिकारी को लिखे एक पत्र में आरोप लगाया है कि उन्हें पिछले वर्ष 2025 में इस राज्य स्तरीय उत्सव में प्रस्तुत किए अपने प्रदर्शन का भुगतान अभी तक नहीं मिला है ।
उन्होंने पत्र में अपने प्रदर्शन भागीदारी और अन्य सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरे किए जाने का दावा भी किया है, लेकिन इसके बावजूद एक वर्ष बीत जाने के बाद भी अभी तक भुगतान नहीं होने की बात कही है । अपने लिखे पत्र में उन्होंने स्वयं को जालंधर के जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय में पंजीकृत कलाकार बताया है और अपनी प्रस्तुति का भुगतान पचास हजार रुपए लिखा है ।

जॉनी महे के अनुसार इस पचास हजार के भुगतान को अभी तक लंबित रखा गया है , उन्होंने इस भुगतान के जल्द से जल्द उन्हें किए जाने का अनुरोध किया है । वहीं इस विषय पर हरोली उत्सव के चेयरमैन और हरौली ब्लॉक के SDM विशाल शर्मा का कहना है कि यदि जॉनी महे को तत्कालीन मेला कमेटी द्वारा अनुशंसित या अनुबंधित किया गया था और उसके बावजूद उन्हें अभी तक भुगतान नहीं हुआ है तो उसे किया जाएगा । लेकिन इससे पूर्व महे को मेला कमेटी द्वारा उन्हें अनुशंसित या अनुबंधित किए जाने से संबंधित प्रमाण देने होंगे ताकि उचित जांच के बाद उनका भुगतान किया जा सके ।
