चंडीगढ़: जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंफॉर्मेटिक्स एंड कंप्यूटिंग तथा फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं एवं कैंपस परिवेश से परिचित कराना तथा विश्वविद्यालय जीवन की नई शुरुआत के लिए उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और अपनत्व की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, प्रयोगशालाओं, विशेषज्ञ शिक्षकों एवं अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, मूल्यों और शैक्षणिक वातावरण को समझने तथा अपने नए संस्थान के साथ जुड़ाव महसूस करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।
मुख्य अतिथि प्रो. डी. बी. लोबियाल ने कहा कि अंक शैक्षणिक उपलब्धि को दर्शाने में सहायक हो सकते हैं, लेकिन वे सफलता की गारंटी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक ज्ञान, उद्देश्य के प्रति गंभीरता, लक्ष्य पर एकाग्रता और धैर्य दीर्घकालिक सफलता के लिए अधिक महत्वपूर्ण हैं।