चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 अक्टूबर, 2026 को भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में जालंधर से श्री रामतीर्थ, अमृतसर के लिए आयोजित विशाल तीर्थयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं की बसों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 अक्टूबर को दोपहर एक बजे शांति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम पहुंचकर माथा टेकेंगे। इसके पश्चात वे पैदल मार्च में शामिल होंगे, संगत को संबोधित करेंगे और तीर्थयात्रा के काफिले को रवाना करेंगे।
यात्रा में पंजाब के विभिन्न हिस्सों से लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यह तीर्थयात्रा भगवान वाल्मीकि के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ उनकी शिक्षाओं, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर बनेगी। श्री रामतीर्थ पहुंचकर श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि के पावन स्थल पर नमन करेंगे।
सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का अवसर
यह आयोजन पंजाब और हरियाणा के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव को आगे बढ़ाने का अवसर बनेगा। यात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं का प्रसार करते हुए समाज में भाईचारे, समानता और समरसता की भावना को मजबूत करना है।
