नई दिल्ली : दीपावली एवं छठ पर्व पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया गया है। अब राजधानी एक्सप्रेस बसों का किराया 10 प्रतिशत तत्काल प्रभाव से लागू कर साधारण बसों के समतुल्य किया गया है। अब 100 किमी की यात्रा करने पर यात्रियों के 13 रुपये बचेंगे। किराया कम होने के बाद अब यात्रियों को राहत मिलेगी।लखनऊ से दिल्ली का किराया पहले 832 रुपये था, अब 739 रुपये होगा। वहीं बलिया तक का किराया 685 से कम होकर 623 रुपये हुआ। इसके अलावा आजमगढ़ का किराया पहले 513 रुपये था अब 467 रुपये किया गया।

इसके साथ ही गोरखपुर का किराया 506 से 460 रुपये हुआ। इस किराये की दर तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। उल्लेखनीय है कि इन त्योहारों पर अत्यधिक संख्या मे यात्री प्रदेश भर में तथा विशेषकर पूर्वी क्षेत्रों में यात्रा करते हैं। इससे पहले भी योगी सरकार ने त्योहार को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्जवला योजना के तहत लाभार्थियों को एक सिलेंडर फ्री देने का एलान किया है। कैबिनेट ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को निशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल वितरित किए जाने के संबंध में प्रस्ताव पास किया है।
