नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, पर्यटकों से भरी कार अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। घटना के दौरान कार में 4 लोग सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद निवासी आलम अपनी कार संख्या यूपी-21-सीसी-1213 से घूमने के लिए नैनीताल आये हुए थे। कार में बुलंदशहर निवासी उमेर समेत उनकी दो महिला मित्र भी सवार थी। कालाढूंगी से ऊपर को आते हुए सरिताताल के समीप कार अनियंत्रित हो गई।
चालक कुछ समझ पाता कार सड़क किनारे पैराफिट तोड़ते हुए झील में समा गई। गनीमत रही कि झील की गहराई कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासी अभय बवाड़ी के अनुसार, जैसे ही कार सरिताताल क्षेत्र में पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़कते हुए सीधे सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार कुछ लोग खुद ही बाहर निकल आए, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक सुरक्षित स्थान पर पहुंच चुके थे। मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस की निगरानी में झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित मदद से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे चार लोगों की जान बच सकी।
