Elvish Yadav को 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, उन्हें एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर से कॉल और मैसेज भेजे गए। इस मामले के बाद परिवार और फैंस में चिंता बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार, धमकी देने वाले ने 10 करोड़ रुपये की मांग की और साफ कहा कि अगर दो दिन के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो एल्विश को गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के बाद एल्विश यादव और उनके परिवार ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया
धमकी देने वाले शख्स ने अपना नाम रणदीप मलिक बताया और दावा किया कि वह Lawrence Bishnoi गैंग से जुड़ा हुआ है। उसने व्हाट्सएप मैसेज के जरिए एल्विश और उनके परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, यही धमकी भरा मैसेज एल्विश के पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया।
सेक्टर-56 थाने में केस दर्ज
एल्विश यादव की शिकायत के बाद Haryana Police ने गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कॉल व मैसेज भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। केस को क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया गया है।
शूटिंग के लिए शहर से बाहर हैं एल्विश
बताया जा रहा है कि फिलहाल एल्विश यादव एक शो की शूटिंग के सिलसिले में गुरुग्राम से बाहर हैं। इसी बीच उन्हें यह धमकी मिली, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
पहले भी हो चुका है हमला
यह पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव का नाम किसी बड़े विवाद या हमले में सामने आया हो। पिछले साल उनके गुरुग्राम स्थित घर के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी। उस घटना के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं और बाद में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
सांप के जहर केस में भी रहे थे चर्चा में
एल्विश यादव का नाम साल 2024 में रेव पार्टियों में सांप का जहर सप्लाई करने के मामले में भी सामने आया था। इस केस में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि बाद में अदालत से उन्हें राहत मिली और कानूनी कार्रवाई खत्म कर दी गई।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। साइबर टीम विदेशी नंबर और व्हाट्सएप अकाउंट की डिटेल्स खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
