पठानकोटः पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘टारगेट किलिंग’ की साजिश को नाकाम कर दिया। इसी कड़ी में पाकिस्तान से मंगवाए गए 2 अमेरिकी ग्लॉक पिस्टल के साथ 3 लोगों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान पंकज (निवासी डल्ला बलिंम), शाम उर्फ बावा (निवासी मॉडल टाउन, पठानकोट) और सौरव (निवासी हैबत पिंडी) के रूप में हुई है।
एसएसपी दलजिंदर सिंह के निर्देशों पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत, तारागढ़ पुलिस और स्पेशल ब्रांच की संयुक्त टीम ने तीन युवकों को अवैध विदेशी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी डी विपन कुमार ने बताया कि पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना तारागढ़ के एसएचओ और स्पेशल ब्रांच के इंचार्ज की टीम ने अड्डा कानवा में नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका, जिसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने इनके पास से 2 ग्लॉक-19 पिस्टल (मेड इन यूएसए) और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये अत्याधुनिक हथियार पाकिस्तान से मंगवाए गए थे। आरोपी इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब में टारगेट किलिंग, एक्सटोर्शन और लूटपाट जैसी वारदातों के लिए करने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पंकज के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं, जबकि शाम उर्फ बावा के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना तारागढ़ में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि पाकिस्तान में वे किन संगठनों के संपर्क में थे और उनके अगले निशाने पर कौन था।
