28 से 30 नवंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं की रहेगी धूम
बददी: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पहली बार तीन दिवसीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन 28 से 30 नवंबर तक किया जाएगा। मेले की शुरुआत 28 नवंबर को सुबह 9 बजे एंटी ड्रग वॉक के साथ होगी, जिसमें करीब 200 युवा और विद्यार्थी विशेष जैकेट पहनकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। वॉक कमेटी कार्यालय पत्ती से शुरू होकर साई रोड तक निकाली जाएगी। इसके बाद खेल प्रतियोगिताएं होंगी और दोपहर 12 बजे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेले की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल सबसे पहले मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद स्वयं सहायता समूहों, फूड कोर्ट और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। मेले के दौरान जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर, सुनने की मशीन और अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे।
तीन दिन खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम
मेले के पहले दिन वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, 200 मीटर दौड़, हाई जंप और लॉन्ग जंप सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पहली सांस्कृतिक संध्या में पारस बैंस, रिकी गौतम, आलोक कुमार और पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 29 नवंबर को रंगोली, मटका फोड़, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, मेहंदी, हेल्दी बेबी शो, फैंसी ड्रेस, जलेबी रेस और स्पून एंड लेमन रेस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा स्कूल सोलो, इंटर स्कूल डिक्लेमेशन चैंपियनशिप और वरिष्ठ नागरिकों के लिए इंडोर गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे। 30 नवंबर को पत्ती से बरोटीवाला होते हुए अटल कुंज शिक्षा केंद्र तक एंटी ड्रग यूथ बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद खेल प्रतियोगिताओं, भव्य कुश्ती दंगल, कॉलेज सोलो और पारंपरिक परिधान फैशन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। मेले के अंतिम दिन पुरस्कार वितरण, सम्मान समारोह और राइफल ड्रॉ भी आकर्षण रहेंगे।
समापन संध्या में बब्बू मान करेंगे प्रस्तुति
मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में भी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जबकि 30 नवंबर को समापन सांस्कृतिक संध्या में प्रदीप शर्मा, ममता भारद्वाज, निखिल कोटी और प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बू मान दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
रेडक्रॉस के माध्यम से जरूरतमंदों की होगी मदद
विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि बद्दी में पहली बार इस स्तर पर रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ सभी आयु वर्ग के लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध करवाना है। करीब 25 से 30 वर्षों से क्षेत्र में इस स्तर की सांस्कृतिक गतिविधियां नहीं हुई थीं। मेले में स्टॉल और फूड कोर्ट से होने वाली आय रेडक्रॉस के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और बीमार लोगों की सहायता के लिए जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाई जाएगी।
पार्किंग की व्यवस्था, लोगों से सहयोग की अपील
मेले में आने वाले लोगों के लिए विशाल मेगा मॉल के सामने, हरिष्ट कंपनी के पास और वर्धमान चौक पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेला ग्राउंड तक केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रेस और विशिष्ट अतिथियों के लिए पास की व्यवस्था भी की गई है। विधायक ने व्यापार मंडल, औद्योगिक इकाइयों, स्थानीय संस्थाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और क्षेत्रवासियों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह किसी एक संस्था या वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे बद्दी क्षेत्र का आयोजन है। सभी के सामूहिक सहयोग से इस मेले को यादगार बनाया जा सकता है।

