युवाओं का नशे से दूर रहने का दिया संदेश
बद्दी (सचिन बैंसल): राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर 26 नवंबर तक विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी एवं व्यापारी रमन कौशल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस शिविर में विद्यालय के 28 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रजत ठाकुर ने स्वयंसेवियों को शिविर के दौरान सात दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों को समाजसेवा, स्वच्छता, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि रमन कौशल ने स्वयंसेवियों को शिविर के लिए शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने का संदेश दिया। उन्होंने समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी शर्मा ने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘नॉट मी, बट यू’ के सिद्धांत को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने स्वयंसेवियों को सेवा भावना और अनुशासन के साथ शिविर में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पंजाबी गिद्दा प्रस्तुत किया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी सीता देवी, पंकज, मनप्रीत कौर, मोहिंदर सिंह, परमजीत सिंह यादव, संजीव शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

