बिहार: लुधियाना में घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर एक युवक-युवती ने लव मैरिज की थी। कुछ महीनों तक मुस्कान के परिजन ने उनसे दूरी बनाकर कर रखी। बाद में पंचायती राजीनामा हुआ और मुस्कान के परिजन ने उन्हें अपने घर के नजदीक किराए के एक घर में रख लिया।
अरविंद और मुस्कान दोनों साथ में रह रहे थे। इस दौरान अचानक 8 महीने बाद अरविंद की मौत हो गई। अरविंद के भाई गोबिंद का आरोप है कि मुस्कान के परिजन अरविंद से रंजिश रखते थे, क्योंकि उसने मुस्कान के साथ भागकर शादी की थी। भाई का कहना है कि अरविंद के ससुर ने मौत से कुछ घंटे पहले मेरी मां को फोन पर कहा था कि ये कल जेल जाएगा। अरविंद के ससुराल वालों ने ही उसकी हत्या की है। कह रहे हैं कि उसे सांप ने डंसा है, लेकिन असल में उसे जहर देकर मारा गया है।
हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया और परिजन ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमॉर्टम में अरविंद के सिर पर हल्की चोट का निशान मिला है। हालांकि, मौत का असली कारण विसरा रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा।
मुस्कान और अरविंद लुधियाना की एक ही फैक्टरी में काम करते थे। वहीं दोनों की आपस में बातचीत शुरू हुई। बातचीत के बाद दोनों में प्यार हो गया और दोनों ने शादी करने का फैसला किया। गोबिंद ने बताया कि मुस्कान के माता-पिता इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में दोनों घर से पटना (बिहार) भाग गए थे और उन्होंने 5 नवंबर, 2025 को पटना के राधा कृष्ण मंदिर में शादी की थी। इसके बाद 3 महीने तक दोनों अपने-अपने परिवारों से अलग रहे। फिर मुस्कान के गांव कंगनवाल में पंचायत हुई। गोबिंद ने बताया कि दोनों परिवार मूल रूप से बिहार के हैं। लड़के का परिवार दरभंगा के भेड़ी में लागोपुर गांव का रहने वाला है। जबकि, लड़की वाले पटना के गौरीचक में अंडारी के रहने वाले हैं।
कंगनवाल पुलिस चौकी के एएसआई और जांच अधिकारी सुरजीत सिंह का कहना है कि परिजन ने उन्हें बीमारी से मौत की सूचना दी थी। अब मृतक के परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। उन्हें शक है कि उसे कुछ जहरीला पदार्थ दिया गया है। डॉक्टरों के बोर्ड से उसका पोस्टमॉर्टम करवाया है। बिसरा जांच के बाद फाइनल रिपोर्ट आएगी और उसके बाद ही साफ होगा कि उसकी मौत कैसे हुई।

