गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ट्रक और बोलेरो पिकअप में टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा थाना क्षेत्र निवाड़ी में हुआ है। इस भीषण हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि घटना में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हालातों का जायजा लिया।
मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंट्रोल रूम को ट्रक और बोलेरो पिकअप की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य घायल हो गए। जांच में सामने आया है कि बोलेरो हाल ही में खरीदी गई थी। वाहन मालिक अपने परिवार और परिचितों के साथ नई गाड़ी में पहली बार हरिद्वार गंगा स्नान और धार्मिक दर्शन के लिए निकले थे।
किसी को अंदाजा भी नहीं था कि श्रद्धा की यह यात्रा कुछ ही घंटों में दर्दनाक हादसे में बदल जाएगी और परिवार की खुशियां मातम में बदल जाएंगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर उसके ड्राइवर और क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इसमें ट्रक और बोलेरो की रफ्तार, सड़क की स्थिति, चालक की लापरवाही और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

